देश की खबरें | आरजी कर अस्पताल मामला: सुकांत मजूमदार ने महिला चिकित्सक के माता-पिता से मुलाकात की

कोलकाता, 30 जनवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुई घटना में जान गंवाने वाली महिला चिकित्सक के माता-पिता से बृहस्पतिवार को मुलाकात की।

अस्पताल में महिला चिकित्सक की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी।

केंद्रीय मंत्री मजूमदार ने कोलकाता के बाहरी इलाके सोदेपुर में उनके निवास पर शोक संतप्त माता-पिता से मुलाकात की।

माता-पिता ने उन्हें एक पत्र सौंपा, जिसमें मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जांच को लेकर अपनी शिकायतें बताई गईं।

मजूमदार ने मुलाकात के बाद पत्रकारों से कहा, “माता-पिता लगातार तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं के हमले का सामना कर रहे हैं। राज्य प्रशासन के खिलाफ सवाल उठाते हुए न्याय के लिए संघर्ष जारी रखने को लेकर तृणमूल नेता अपमानजक बयान दिया है। मैंने उन्हें (माता पिता को) बिना किसी डर के उनका संघर्ष जारी रखने के लिये कहा है।’’

भाजपा नेता ने कहा कि वह उनके (माता-पिता) द्वारा दिए गए पत्र को उचित अधिकारियों को भेजेंगे।

मजूमदार ने कहा, “उन्होंने (माता-पिता) विशेष रूप से सीबीआई के एक अधिकारी को लेकर चिंता जताई और उस पर जांच सही तरीके से नहीं करने का आरोप लगाया।”

आरजी कर अस्पताल में पिछले वर्ष नौ अगस्त को एक महिला प्रशिक्षु चिकित्सक से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गयी थी, जिसके बाद पूरे देश में प्रदर्शन शुरू हो गये थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)