विदेश की खबरें | सम्मानित पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सैनिक ने अफगानिस्तान में गैरकानूनी तरीके से कैदियों की हत्या की : न्यायाधीश
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

एक न्यायाधीश ने बृहस्पतिवार को ‘विक्टोरिया क्रॉस’ से सम्मानित बेन रॉबर्ट्स के उन दावों को खारिज कर दिया कि मीडिया द्वारा उसे बदनाम किया गया।

संघीय अदालत के न्यायमूर्ति एंथनी बेसांको ने फैसला सुनाया कि 2018 में प्रकाशित लेख रॉबर्ट्स-स्मिथ द्वारा किए गए कई युद्ध अपराधों के बारे में काफी हद तक सही थे। रॉबर्ट्स पूर्व में विशेष वायु सेवा रेजिमेंट में कॉर्पोरल के पद पर थे और अब एक मीडिया कंपनी के कार्यकारी हैं।

रॉबर्ट्स-स्मिथ को अफगानिस्तान में उनकी युद्ध सेवा के लिए वीरता पदक से भी सम्मानित किया गया था। बेसांको ने पाया कि आरोपी ने “सैन्य गतिविधि के नैतिक और कानूनी नियमों को तोड़ा” और अपने आचरण से ऑस्ट्रेलिया को बदनाम किया।

इस फैसले को ऑस्ट्रेलिया के असाधारण प्रतिबंधात्मक मानहानि कानूनों के खिलाफ प्रेस की स्वतंत्रता के लिए एक महत्वपूर्ण जीत के रूप में देखा जा रहा है। यह फैसला अदालत की 110 सुनवाई व लंबे मुकदमे के बाद आया जिसमें विधिक शुल्क के तौर पर ढाई करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (1.6 करोड़ अमेरिकी डॉलर) से अधिक खर्च होने का अनुमान है।

सिद्ध आरोपों में शामिल है कि एक न्यायाधीश के बेटे रॉबर्ट्स-स्मिथ ने 2009 में उरुजगान प्रांत में तालिबान के ‘व्हिस्की 108’ कूटनाम वाले एक परिसर में एक कैदी को गोली मारने के लिए एक मशीनगन का इस्तेमाल किया था।

वह आदमी उन दो निहत्थे अफगान लोगों में से एक था जिसे रॉबर्ट्स-स्मिथ के गश्ती दल ने एक सुरंग से पकड़ा था। अदालत ने पाया कि रॉबर्ट्स-स्मिथ ने एक “नए तैनात और अनुभवहीन” सैनिक पर दूसरे, वृद्ध व्यक्ति को मारने के लिए दबाव डाला।

सिद्ध आरोपों में यह भी शामिल है कि रॉबर्ट्स-स्मिथ ने 2012 में अफगान गांव डरवान में एक निहत्थे, हथकड़ी लगे अली जान नाम के किसान को लात मारकर पहाड़ की चोटी से गिरा दिया था । उसने बाद में अपने मातहत एक सैनिक को अली जान को गोली मारने का आदेश दिया।

इसके अलावा भी आरोपी पूर्व सैनिक पर कई आरोप साबित हुए हैं।

उसके खिलाफ लेख छापने वाले पत्रकारों में से एक निक मैकेंजी ने उन पूर्व सैनिकों की सराहना की जिन्होंने रॉबर्ट्स-स्मिथ के खिलाफ गवाही देने की हिम्मत जुटाई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)