जरुरी जानकारी | रिलायंस जियो का 4जी नेटवर्क उत्तराखंड के सीमावर्ती गांव तक पहुंचा

देहरादून, 19 दिसंबर रिलायंस जियो का 4जी नेटवर्क चीन की सीमा से लगी उत्तराखंड की व्यास घाटी में 12,300 फुट की ऊंचाई पर स्थित कुटी गांव तक पहुंच गया है।

कम आबादी वाला यह गांव आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।

रिलायंस जियो ने मंगलवार को बयान में कहा कि कंपनी के नए मोबाइल टावर के चालू होने से स्थानीय ग्रामीणों, यात्रियों और सीमा क्षेत्र में तैनात सुरक्षा बलों को दूरसंचार संपर्क (कनेक्टिविटी) सुविधा मिलेगी।

इसमें कहा गया है कि कुटी गांव में जियो टावर के चालू होने के समय वहां का तापमान शून्य से 12 डिग्री नीचे था।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि मोबाइल टावर के चालू होने से स्थानीय लोग, आदि कैलाश तीर्थयात्री और सुरक्षा बल के जवान अब सीधे डिजिटल दुनिया से जुड़ गए हैं।

आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर नाबी और गुंजी गांवों में जियो के मोबाइल टावर लगाने का काम भी अंतिम चरण में है।

उन गांवों में नए टावर लगने के बाद आदि कैलाश यात्रा मार्ग के अधिकांश हिस्सों में 4-जी नेटवर्क उपलब्ध हो जाएगा।

पहले, मोबाइल नेटवर्क केवल पिथौरागढ़ जिले के धारचूला कस्बे तक ही उपलब्ध था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)