देश की खबरें | रेखा गुप्ता ने दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में कामकाज संभाला

नयी दिल्ली, 20 फरवरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को यहां सचिवालय में दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण किया और कहा कि उनकी पार्टी की ओर से चुनाव में किए गए हर वादे को सरकार पूरा करेगी।

पहली बार शालीमार बाग से विधायक निर्वाचित हुईं रेखा को आज उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह में पद की शपथ दिलाई। दिल्ली सरकार के नए मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा एवं राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उप मुख्यमंत्रियों ने शिरकत की।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली सचिवालय पहुंचीं और दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में कामकाज संभाल लिया।

उनके साथ भाजपा के दिल्ली प्रभारी बैजयंत पांडा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत अन्य पार्टी नेता थे।

कार्यभार संभालने के बाद गुप्ता ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी सरकार ‘विकसित दिल्ली’ के ‘मिशन’ को साकार करने में एक भी दिन बर्बाद नहीं करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम दिल्ली की जनता से किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनके नए मंत्रिमंडल की बैठक होगी और वह अपने मंत्रियों के साथ शाम को यमुना घाट पर आरती में भी शामिल होंगी।

रेखा गुप्ता के साथ शपथ लेने वाले नए मंत्री प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज सिंह, आशीष सूद और रवींद्र इंद्राज भी उनके साथ दिल्ली सचिवालय में उपस्थित थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)