पित्रोदा को वापस बुलाना कांग्रेस के दोहरे चरित्र को दर्शाता है: मुख्यमंत्री मोहन यादव
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को सैम पित्रोदा को ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ का अध्यक्ष फिर से नियुक्त करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि यह कदम पार्टी के दोहरे चरित्र को दर्शाता है।
भोपाल, 27 जून मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को सैम पित्रोदा को ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस’ का अध्यक्ष फिर से नियुक्त करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि यह कदम पार्टी के दोहरे चरित्र को दर्शाता है।
कांग्रेस ने बुधवार को पित्रोदा को यह पद सौंप दिया। कुछ सप्ताह पहले ही उन्होंने इस्तीफा दिया था क्योंकि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान भारत की विविधता को उजागर करने के लिए उनकी नस्लीय तुलना के चलते कांग्रेस को रक्षात्मक होना पड़ा था।
यादव ने कहा, "वास्तविक अर्थों में, कांग्रेस का चरित्र दोहरा है और इसका सबसे बड़ा उदाहरण सैम पित्रोदा के लिए पार्टी का दरवाजा फिर से खोलना है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस चुनाव के दौरान खुद को अलग तरह से पेश करती है और चुनाव खत्म होने के बाद इसका असली चरित्र सामने आता है।"
यादव नागरिक संशोधन अधिनियम (सीएए) के तहत कुछ निवासियों को प्रमाण पत्र देने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सैम पित्रोदा के कारण देश के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय लोगों, खासकर आदिवासियों को अपमान सहना पड़ रहा है।
यादव ने कहा, "पित्रोदा का बयान बेहद शर्मनाक था और कांग्रेस को इससे दूरी बनानी पड़ी। कांग्रेस ने तब कहा था कि उसका इससे (पित्रोदा की टिप्पणी से) कोई लेना-देना नहीं है। लेकिन चुनाव के बाद कांग्रेस अपने वादे से मुकर गई और उन्हें वापस ले लिया।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उस समय कहा था कि कांग्रेस पित्रोदा का पुनर्वास करेगी और वह उसकी धरोहर बनेंगे।
यादव ने मांग की, "कांग्रेस नेताओं को इस गलती के लिए पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए और पार्टी को पित्रोदा को फिर से बाहर का रास्ता दिखाना चाहिए।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2024 10:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

