मुंबई, 14 फरवरी आरबीआई ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक के खिलाफ कार्रवाई बैंक कर्मचारियों द्वारा धन की हेराफेरी के आरोपों के कारण की। सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मुंबई स्थित इस बैंक के 1.3 लाख जमाकर्ताओं में 90 प्रतिशत से अधिक के खातों में पांच लाख रुपये तक जमा हैं। ऐसे में वे जमा बीमा के माध्यम से अपना पूरा धन हासिल कर सकेंगे।
सूत्रों के अनुसार भारतीय रिजर्व बैंक ने न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक के खातों की जांच में कुछ खामियां पाई थी। इसके बाद बैंक के मुख्य अनुपालन अधिकारी (सीसीओ) ने बृहस्पतिवार को मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा से संपर्क किया।
उन्होंने कहा कि यह मामला बैंक के कुछ कर्मचारियों द्वारा धन के दुरुपयोग से जुड़ा है, हालांकि उन्होंने कुल राशि या इसमें शामिल लोगों की पहचान का खुलासा नहीं किया।
आरबीआई ने बृहस्पतिवार को न्यू इंडिया को-ऑपरेटिव बैंक पर कई प्रतिबंध लगाए थे, जिसमें जमाकर्ताओं द्वारा धन की निकासी भी शामिल है। रिजर्व बैंक के निर्देश छह महीने के लिए लागू रहेंगे।
आरबीआई ने कहा, ''बैंक की मौजूदा नकदी स्थिति को देखते हुए निर्देश दिया गया है कि वह जमाकर्ता के बचत बैंक या चालू खातों या किसी अन्य खाते से किसी भी राशि की निकासी की अनुमति न दे।''
बैंक कर्मचारियों के वेतन, किराए और बिजली के बिल जैसी कुछ आवश्यक मदों के संबंध में व्यय कर सकता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY