एनबीएफसी, म्यूचुअल फंड प्रतिनिधियों से आरबीआई गवर्नर ने की चर्चा, तरलता की स्थिति की हुई समीक्षा
रिजर्व बैंक ने एक बयान में कहा कि वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से दो सत्रों में अलग-अलग आयोजित की गयी क्षेत्रवार बैठकों में उप-गवर्नर और आरबीआई के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
मुंबई, चार मई रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कोरोना वायरस महामारी को लेकर देश भर में लागू लॉकडाउन के बीच सोमवार को गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) और म्यूचुअल फंडों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने तरलता की स्थिति तथा एमएसएमई क्षेत्र को ऋण देने को बढ़ावा देने के तरीकों की समीक्षा की।
रिजर्व बैंक ने एक बयान में कहा कि वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से दो सत्रों में अलग-अलग आयोजित की गयी क्षेत्रवार बैठकों में उप-गवर्नर और आरबीआई के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
सरकार से लॉकडाउन की पाबंदियों में ढील मिलने के बाद एनबीएफसी ने सोमवार से परिचालन शुरू कर दिया है।
बयान में कहा गया कि बैठक के दौरान जिन मुद्दों पर चर्चा की गयी, उनमें एमएसएमई, व्यापारी तथा अर्ध-शहरी, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के ग्राहकों के लिये बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों से तरलता की उपलब्धता और कार्यशील पूंजी की आपूर्ति के लिये लॉकडाउन के बाद की रणनीति शामिल है।
आरबीआई द्वारा ऋण की किस्तों के पुनर्भुगतान पर तीन महीने की छूट के क्रियान्वयन और शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने पर भी चर्चा की गयी।
म्यूचुअल फंड उद्योग के साथ बैठक के संबंध में, रिजर्व बैंक द्वारा तरलता के प्रावधान के संबंध में किये गये उपायों के प्रभाव पर चर्चा की गयी।
फ्रैंकलिन टेम्पलटन एसेट मैनेजमेंट कंपनी की छह फंड बंद करने की घोषणा के कुछ दिनों बाद रिजर्व बैंक ने म्युचुअल फंड उद्योग को इसके प्रभाव से बचाने के लिये 50,000 करोड़ रुपये की विशेष तरलता सुविधा की घोषणा की है।
इसके अलावा, बॉन्ड बाजारों के कामकाज की समीक्षा और आगे की योजनाओं पर भी चर्चा की गयी।
आरबीआई ने बयान में कहा कि गवर्नर ने अंतिम छोर तक ऋण की सुविधा मुहैया कराने में सूक्ष्म वित्त संस्थानों (एमएफआई) सहित एनबीएफसी की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार किया।
आरबीआई गवर्नर ने शनिवार को सार्वजनिक क्षेत्र और निजी क्षेत्र के बैंकों के प्रमुखों से मुलाकात की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 04, 2020 08:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

