देश की खबरें | अयोध्या पहुंचे रजनीकांत; राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में की पूजा-अर्चना

अयोध्या (उत्तर प्रदेश), 20 अगस्त अभिनेता रजनीकांत ने रविवार को अयोध्या में राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में पूजा-अर्चना की।

रजनीकांत ने मंदिर में विशेष पूजा की और भव्य राम मंदिर के निर्माण कार्य का अवलोकन भी किया।

अयोध्या में रजनीकांत का स्वागत मंडलायुक्त गौरव दयाल, पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार और नगर आयुक्त विशाल सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने किया।

रजनीकांत ने संवाददाताओं से कहा, "मैं लंबे समय से यहां आना चाहता था। मैं भाग्यशाली हूं कि यह इच्छा पूरी हुई।"

उन्होंने कहा कि मंदिर का निर्माण कार्य देखकर उन्हें बहुत खुशी हुई।

रजनीकांत ने कहा, "अगर भगवान ने चाहा तो मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद मैं दोबारा आऊंगा।"

राम मंदिर में मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने रजनीकांत को एक अंग वस्त्र भेंट किया जिसपर राम मंदिर का मॉडल छपा है और रामनाम लिखा हुआ है।

इससे पहले रजनीकांत हनुमानगढ़ी मंदिर गए। मंदिर के महंत राजू दास ने 'पीटीआई-' को बताया, "सिनेस्टार ने मंदिर में लगभग 10 मिनट बिताए।"

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)