जयपुर, 22 अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में रविवार को हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के देहावसान पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। बैठक में शोक प्रस्ताव पारित किया गया।
मंत्रिपरिषद के सदस्यों ने कुछ क्षण का मौन रखकर दिवगंत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ईश्वर से उनकी आत्मा की चिर-शांति के लिए प्रार्थना की।
सरकारी बयान के अनुसार, मंत्रिपरिषद में पारित शोक प्रस्ताव में राजस्थान सरकार ने कल्याण सिंह के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
शोक प्रस्ताव के अनुसार, कल्याण सिंह का जन्म पांच जनवरी, 1932 को उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ जिले के अतरौली गांव में हुआ। उन्होंने स्नातक की उपाधि प्राप्त की। सिंह सितंबर, 2014 से सितंबर, 2019 तक राजस्थान के राज्यपाल रहे। उन्होंने जनवरी, 2015 से अगस्त, 2015 तक हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार संभाला। सिंह जून, 1991 से दिसम्बर, 1992, सितम्बर, 1997 से नवम्बर, 1999 तक उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री भी रहे। वे 2004 से 2014 तक सांसद भी रहे।
वह प्रारंभिक जीवन से ही राष्ट्रीय भावना और देश प्रेम से प्रेरित रहे तथा आरंभ से ही आमजन के हितैषी रहे। उन्होंने लोगों के दर्द को आपने हमेशा अपना दर्द समझा। आमजन की सेवा के प्रति समर्पण भाव से जुड़े रहे। सिंह के निधन से सार्वजनिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति और शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं साहस प्रदान करे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY