देश की खबरें | राजस्थान : भाजपा के पांच विधायकों के रिसॉर्ट में एक साथ ठहरने से 'गोलबंदी' की अटकलें

जयपुर, सात दिसंबर राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पांच विधायकों के मंगलवार को जयपुर के एक 'रिसॉर्ट' में एक साथ ठहरने से ‘गोलबंदी’ की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने इस तरह की किसी भी संभावना को खारिज किया है।

कोटा संभाग के पांच भाजपा विधायक मंगलवार रात सीकर रोड स्थित एक रिसॉर्ट में ठहरे, लेकिन इन विधायकों में शामिल ललित मीणा (किशनगंज) को संदेह हुआ कि यह विधायकों की 'गोलबंदी' जैसा है।

विधायक ललित मीणा के पिता ने दावा किया कि उनके बेटे और किशनगंज (बारां जिला) के नवनिर्वाचित विधायक को अन्य चार लोगों ने वहां कैद कर रखा है। उनके पिता द्वारा जयपुर स्थित पार्टी कार्यालय को सूचित करने के बाद बुधवार सुबह मीणा को वहां लाया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक कंवर लाल मीणा ने उन्हें यह कहकर रिसॉर्ट में रुकने के लिये मजबूर किया कि यह दुष्यंत सिंह का निर्देश है।

लेकिन इसके बाद कंवर लाल मीणा ने मीडिया में बयान जारी कर आरोपों का खंडन किया। मीणा ने कहा कि उन पर और दुष्यंत सिंह पर लगे आरोप बेबुनियाद हैं।

हालांकि, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हुआ कि अन्य चार सीकर रोड पर स्थित रिर्सार्ट में रुके थे या नहीं।

इससे पहले ललित मीणा ने अपने पिता हेमराज मीणा को इसकी जानकारी दी जिसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सूचित किया गया।

पार्टी के कुछ नेता 'रिसॉर्ट' पहुंचे और विधायक को बुधवार तड़के पार्टी कार्यालय लाया गया। पार्टी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की।

संपर्क करने पर ललित मीणा ने विवरण देने से इनकार कर दिया। उन्होंने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘रात में जो कुछ भी हुआ उस बारे में मैंने पार्टी नेताओं को सूचित कर दिया है। पार्टी मेरा परिवार है और यह हमारा पारिवारिक मामला है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)