जयपुर, 17 मार्च राजस्थान के वन्यजीव प्रेमियों ने राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा से सरिस्का बाघ अभ्यारण्य को मंगलवार को बंद रखने का अनुरोध किया।
सरिस्का बाघ अभ्यारण्य के निकट पांडुपोल हनुमान मंदिर में मंगलवार को सबसे अधिक पर्यटक आते हैं।
उन्होंने मंत्री को लिखे पत्र में लिखा कि सबसे व्यस्त दिन पर बाघ अभ्यारण्य को खुला रखने से वन्यजीवों की परेशानी बढ़ जाती है।
‘सरिस्का टाइगर फाउंडेशन’ के संस्थापक सदस्य दिनेश दुर्रानी ने पत्र में कहा, “अभ्यारण्य को मंगलवार को बंद करने से वन्यजीवों को काफी लाभ होगा क्योंकि इससे मानवीय गतिविधियों के कारण होने वाले तनाव में कमी आएगी।”
उन्होंने कहा इस बदलाव से पूरे सप्ताह आगंतुकों की संख्या में समानता रहेगी, जिससे बेहतर संरक्षण प्रयास सुनिश्चित होंगे।
एक अन्य वन्यजीव प्रेमी ने कहा कि बुधवार को रिजर्व को बंद करने का मौजूदा तरीका रणथंभौर मॉडल का अनुसरण करता है, जहां भगवान गणेश को समर्पित मंदिर में उस दिन सबसे अधिक पर्यटक आते हैं।
हालांकि, सरिस्का के मंदिर में मंगलवार को सबसे अधिक पर्यटक आते हैं। उन्होंने मंत्री से अभ्यारण्य को मंगलवार को बंद करने के कार्यक्रम पर पुनर्विचार करने की अपील की, जो वन्यजीव संरक्षण और प्रभावी पार्क प्रशासन के सर्वोत्तम हित में होगा।
अरावली पर्वत श्रृंखला में बसा बाघ अभ्यारण्य अलवर और जयपुर जिलों में फैला हुआ है तथा यहां कई तरह की प्रजातियों के पशु-पक्षी, नेवले, मगरमच्छ आदि पाये जाते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY