जोधपुर, एक जून राजस्थान में अफीम और चूरा पोस्त की तस्करी समेत विभिन्न मामलों में वांछित एवं कई वर्षों से फरार पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विकास कुमार ने बताया कि पांचों आरोपियों को देश के विभिन्न हिस्सों से पकड़ा गया और उन पर कुल 1.20 लाख रुपये का इनाम था।
पुलिस ने बताया कि उन पांचों में से एक आरोपी भागीरथ राम पर पांच हजार रुपये का इनाम था और वह पिछले सात साल से फरार था। उसकी गिरफ्तारी के बाद उसका साथी एवं बाड़मेर जिले में बीएड कॉलेज का संचालक दिनेश भी पकड़ा गया, जो तस्करों को पनाह और सहायता प्रदान करता था।
पुलिस के मुताबिक, भागीरथ को उसकी पत्नी और ससुराल के लोगों ने अपराध जगत में लाया था। वह गोवा में पकड़ा गया, जहां उसने शराब का कारोबार शुरू किया था।
पुलिस ने बताया कि राकेश, सुनील और दिनेश नाम के आरोपियों पर सामूहिक रूप से 60 हजार रुपये का इनाम था।
पुलिस के अनुसार, राकेश चित्तौड़गढ़ से अफीम पोस्त खरीदकर जोधपुर और फलौदी जिलों में इसकी आपूर्ति करता था, जबकि सुनील हत्या के एक मामले में वांछित था।
तीस हजार रुपये का इनामी दिनेश चार मामलों में वांछित था और वह 16 साल से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था।
पुलिस के एक सेवानिवृत्त अधिकारी का दामाद दिनेश पुलिस को चकमा देने में माहिर था और उसने कई वर्षों तक दूसरों को भी फरार रहने में मदद की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY