देश की खबरें | राजस्थान उपचुनाव: मतदान के दिन नौ हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे

जयपुर, 10 नवंबर राजस्थान में विधानसभा की सात सीट पर उपचुनाव के तहत होने वाले मतदान के दिन सुरक्षा के लिए नौ हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि उपचुनाव के मद्देनजर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा सभी सात विधानसभा क्षेत्रों--रामगढ़, दौसा, झुंझुनू, सलूम्बर, चौरासी, खींवसर और देवली-उनियारा में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव के लिए कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि 13 नवम्बर को इन क्षेत्रों में मतदान होना है जिसके मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे तथा इन क्षेत्रों में नौ हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। उनके मुताबिक, केंद्रीय पुलिस बलों की 43 कंपनियां मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था की निगरानी एवं सुरक्षा करेंगी।

इसके अलावा राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी (आरएसी) की कुल 17 कंपनियां तैनात होंगी। राज्य पुलिस के कुल 6,275 कार्मिक और होमगार्ड के 650 जवान भी तैनात किए गए हैं।

महाजन ने बताया कि मतदान दिवस पर सघन जांच एवं निगरानी के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में उड़न दस्ते आदि तैनात रहेंगे। उनके मुताबिक, चुनाव खर्च के लिहाज से संवेदनशील मतदान केंद्रों में अतिरिक्त निगरानी टीमें तैनात की गई हैं। मतदान के दौरान 1,122 मतदान केंद्रों की लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इन सात विधानसभा क्षेत्रों में 1,915 मतदान केंद्र हैं, जिनमें से 604 को संवेदनशील माना गया है। इन सभी पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनात की जाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)