एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी से अपनी नफरत में देश को नुकसान पहुंचा रहे राहुल गांधी: भाजपा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भाजपा ने शनिवार को राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नफरत में भारत को नुकसान पहुंचा रहे हैं तथा विदेशी धरती से उनके द्वारा देश के बारे में बार-बार की जा रहीं आलोचनात्मक टिप्पणियां राष्ट्र को ‘‘धोखा देने’’ के समान हैं।

देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी से अपनी नफरत में देश को नुकसान पहुंचा रहे राहुल गांधी: भाजपा

नयी दिल्ली, 21 मई भाजपा ने शनिवार को राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नफरत में भारत को नुकसान पहुंचा रहे हैं तथा विदेशी धरती से उनके द्वारा देश के बारे में बार-बार की जा रहीं आलोचनात्मक टिप्पणियां राष्ट्र को ‘‘धोखा देने’’ के समान हैं।

पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने लंदन में एक सम्मेलन में की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता पर तीखा हमला किया। इस सम्मेलन में गांधी ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर आरोप लगाते हुए कहा था कि उसने "पूरे देश में मिट्टी का तेल छिड़क दिया है और आपको एक चिंगारी की जरूरत है तथा हम बड़ी परेशानी में होंगे।"

भाटिया ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘राहुल गांधी जी लंदन की कैंब्रिज यूनिवर्सिटी की सेमिनार में जाते हैं। वहां जाकर देश की छवि धूमिल करते हैं। ये आदत हो गई है राहुल गांधी और गांधी परिवार की। मोदी जी से नफरत करते-करते वो भारत माता के खिलाफ ही वक्तव्य देने लगे हैं।’’

उन्होंने कांग्रेस नेता को आगाह किया कि उन्हें विदेशी धरती पर भारत के बारे में कुछ भी गलत बोलने से बचना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘आप भाजपा का विरोध कर सकते हैं, स्वस्थ राजनीति का ये हिस्सा है। लेकिन आप हमारे देश के लिये अपशब्द कहेंगे, बेबुनियाद आरोप लगाएंगे तो न केवल भाजपा इसका पुरजोर तरीके से विरोध करेगी, बल्कि देश की जनता भी इसका विरोध करेगी।’’

भाजपा पर पूरे देश में मिट्टी का तेल छिड़कने के राहुल गांधी के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाटिया ने कहा, ‘‘राहुल गांधी जी, मिट्टी का तेल तो कांग्रेस पार्टी छिड़कती है। 1984 का जो नरसंहार हुआ, कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने कत्लेआम करवाया, उस मिट्टी के तेल को डालने वाले कांग्रेस के ही नेता थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक हताश कांग्रेस और उसके विफल नेता राहुल गांधी जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं, चाहे वो लंदन हो, अमेरिका हो, सिंगापुर हो उनके व्यक्तव्य कहीं न कहीं ये दर्शाते हैं कि आज की कांग्रेस पार्टी 1984 से लेकर अब तक, देश में आग लगाने, सौहार्द बिगाडने में लगी है।’’

उन्होंने कहा, "वह (गांधी) बार-बार इस तरह की टिप्पणियां करते रहते हैं और यह कहना गलत नहीं होगा कि यह देश को धोखा देने के समान है।"

ब्रिटेन के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को थिंक टैंक ब्रिज इंडिया द्वारा आयोजित 'आइडियाज फॉर इंडिया' सम्मेलन के एक संवाद सत्र में शामिल हुए थे।

गांधी ने सम्मेलन में कहा था कि भारत में लोकतंत्र सबकी भलाई के लिए है तथा भारतीय ही एकमात्र ऐसे लोग हैं जिन्होंने लोकतंत्र को इस बेमिसाल तरीक़े से चलाया है। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय लोकतंत्र में दरार आती है तो इससे दुनिया के लिए समस्या होगी।

सम्मेलन में रूस-यूक्रेन युद्ध के बारे में पूछे जाने पर गांधी ने इसकी तुलना लद्दाख में चीन की गतिविधियों से की थी। उन्होंने भारत की तुलना कथित रूप से पाकिस्तान से भी की थी।

भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी की आदत ही ऐसी है और वह हमेशा पिछली बार से बड़ी गलती करते हैं।

भाजपा नेता ने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में एक प्रगतिशील और मजबूत भारत का उदय हो रहा है तथा देश पर्यावरण समेत विभिन्न मुद्दों पर दुनिया को दिशा दिखा रहा है। उन्होंने भारत के कोविड रोधी टीके के निर्यात का भी संदर्भ दिया।

कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए भाटिया ने कहा कि गांधी को भारत की तुलना पाकिस्तान से नहीं करनी चाहिए, जो अपने अस्तित्व के आधे से अधिक समय तक तानाशाही हुकूमत के अधीन रहा है और अस्तित्व के लिए "भीख का कटोरा" लेकर घूमता है।

भाटिया ने कहा, ‘‘राहुल गांधी को भारत की तुलना पाकिस्तान से करते समय सावधान रहना चाहिए। भारत महान था, महान है और महान रहेगा।’’

उन्होंने कहा कि यह सर्वविदित है कि कांग्रेस नेता मोदी से नफरत करते हैं, लेकिन उन्हें भारत के खिलाफ बोलने से पहले दो बार सोचना चाहिए।

भाटिया ने दावा किया कि लद्दाख की स्थिति की तुलना रूस-यूक्रेन संघर्ष से करके गांधी ने गलवान में भारतीय सैनिकों के बलिदान का अपमान किया है।

उन्होंने कहा, "विपक्ष में होने का मतलब यह नहीं है कि नफरत में भारत को नुकसान पहुंचाना चाहिए।"

भाटिया ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के अब हटाए जा चुके एक ट्वीट का प्रिंटआउट भी दिखाया, जिसमें उन्होंने राजीव गांधी की विवादास्पद टिप्पणी "जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो जमीन हिलती है" का जिक्र किया था।

चौधरी ने पूर्व प्रधानमंत्री को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि देने के लिए ट्वीट किया था। राजीव गांधी की उक्त टिप्पणी के बारे में आलोचक कहते रहे हैं कि उन्होंने यह बात इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़के सिख विरोधी दंगों को सही ठहराने के लिए कही थी।

कांग्रेस सांसद ने बाद में सफाई देते हुए ट्वीट किया, ‘‘मेरे नाम के साथ किए गए ट्वीट से मेरा कोई लेना-देना नहीं है। मेरे खिलाफ विरोधी ताकतों द्वारा एक दुर्भावनापूर्ण अभियान चलाया जा रहा है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 21, 2022 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).