कोझिकोड (केरल), नौ सितंबर कांग्रेस ने केरल की पुतुप्पली विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में ऐतिहासिक अंतर से जीत हासिल करने के एक दिन बाद शनिवार को कहा कि उपचुनाव का परिणाम राज्य में सत्तारूढ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पतन की शुरुआत है।
पार्टी ने कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार के खिलाफ लोगों का तीव्र आक्रोश भारी बहुमत में परिलक्षित हुआ।
कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की निरंतर चुप्पी की आलोचना करते हुए कहा कि यह बहुत हैरान करने वाली बात है कि उन्होंने अपनी सरकार को मिले तगड़े झटके के बावजूद उपचुनाव परिणाम पर कुछ नहीं कहा।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन ने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि वह लोगों के फैसले को गंभीरता से नहीं ले रहे थे।
उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, “पुतुप्पली उपचुनाव माकपा के पतन की शुरुआत है।”
कांग्रेस के उम्मीदवार चांडी ओमन ने शुक्रवार को उपचुनाव में वाम उम्मीदवार जैक सी. थॉमस को 37,719 मतों के अंतर से हराया। इस उपचुनाव में कांग्रेस, माकपा और भाजपा के नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टियों के लिए लगभग एक महीने तक जोरदार प्रचार किया था।
पुतुप्पली सीट से विधायक रहे कांग्रेस के दिग्गज नेता ओमन चांडी के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव की जरूरत पड़ी थी। कांग्रेस ने इस सीट पर ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को उम्मीदवार बनाया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY