देश की खबरें | पंजाब: पीछा करने वाले युवक ने नाबालिग की गोली मारकर हत्या कर दी

अमृतसर, 30 अगस्त पंजाब के अजनाला गांव में एक युवक ने एक किशोरी की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी। युवक पिछले कुछ महीनों से पीड़िता का पीछा कर रहा था। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी दलबीर सिंह के दो साथियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीनों आरोपी मंगलवार शाम को 15 वर्षीय लड़की की चाची के घर में जबरन घुस गए और उसके बारे में पूछने लगे।

अधिकारी ने बताया कि घर के अंदर मौजूद नाबालिग जब बाहर आई तो उसकी आरोपियों से तीखी बहस हो गई। इस दौरान दलबीर सिंह ने उस पर गोली चला दी और भाग गया। पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले कई महीनों से पीड़िता को परेशान कर रहा था और उस पर शादी करने के लिए दबाव बना रहा था। पीड़िता के माता-पिता ने उसे उसकी मौसी के घर भेज दिया था।

पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और शस्त्र अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अन्य दो आरोपियों तलाश की जा रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)