देश की खबरें | पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने जालंधर में 'आप' विधायक रमन अरोड़ा के आवास पर की छापेमारी

चंडीगढ़, 23 मई पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने राज्य में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक रमन अरोड़ा के जालंधर स्थित आवास पर भ्रष्टाचार के एक मामले में शुक्रवार को छापेमारी की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

रमन अरोड़ा (54) जालंधर सेंट्रल सीट से विधायक हैं।

सूत्रों ने बताया कि यह छापेमारी जालंधर में कुछ अधिकारियों के माध्यम से निर्दोष लोगों को भेजे गए कथित झूठे नोटिस से संबंधित है, जिसमें अरोड़ा की भूमिका जांच के दायरे में आ गई है।

संपर्क करने पर आप के प्रवक्ता नील गर्ग ने अरोड़ा के घर पर छापेमारी की पुष्टि की है।

राज्य सरकार ने हाल ही में अरोड़ा की सुरक्षा वापस ले ली थी, जिसके बाद विधायक ने मीडिया से कहा था कि उन्हें इस कदम के पीछे के कारण की जानकारी नहीं है।

इससे पहले, अरोड़ा की सुरक्षा में कथित तौर पर 14 बंदूकधारी तैनात थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)