देश की खबरें | पंजाब यूपीएससी अभ्यर्थियों को कोचिंग देने के लिए प्रशिक्षण केंद्र खोलेगा: भगवंत मान

चंडीगढ़, 22 जुलाई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को कोचिंग देने के लिए शीघ्र ही आठ आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र खोलेगी।

एक सरकारी बयान के अनुसार यहां एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए मान ने केंद्रीय सेवाओं खासकर यूपीएससी की परीक्षाओं में राज्य के अभ्यर्थियों के घटते अनुपात को लेकर चिंता प्रकट की।

उन्होंने कहा कि विपुल मेधा होने के बाद भी राज्य के युवा , विदेश जाने के प्रति अपने झुकाव तथा राज्य में गुणवत्ता पूर्ण कोचिंग के अभाव के चलते ये परीक्षाएं उत्तीर्ण नहीं कर पाते हैं।

मान ने कहा कि उनकी सरकार इस रूझान को बदलने के लिए कटिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित केंद्र मुफ्त प्रशिक्षण देंगे ताकि राज्य के अभ्यर्थी आईएएस, आईपीएस और आईआरएस एवं अन्य सेवाओं में अधिकारी बन सकें तथा देश की सेवा कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य की शानदार अधिकारी देने की वैभवशाली धरोहर रही है जिन्होंने देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में बहुत योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में इन केंद्रों को खोलने का एकमात्र लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि पंजाबी युवा उंचे पदों पर आसीन हों तथा देश की सेवा करें।

मुख्यमत्री ने कहा कि इन केंद्रों में नियमित प्रशिक्षण देने के अलावा राज्य सरकार राज्य में यूपीएससी अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन प्रशिक्षण शुरू करने पर भी विचार कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)