देश की खबरें | पंजाब में किला रायपुर ग्रामीण खेलों में बैलगाड़ी दौड़ फिर से शुरू करने की मांग उठी

नयी दिल्ली, 19 अप्रैल किला रायपुर स्पोर्ट्स सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात की और पंजाब में वार्षिक किला रायपुर ग्रामीण ओलंपिक में बैलगाड़ी दौड़ फिर से शुरू करने की मांग की।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता जयवीर शेरगिल के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने पिछले कई दशकों से पंजाब और पंजाबियत से जुड़ी संस्कृति और विरासत के महत्वपूर्ण मुद्दे पर खेल मंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि पंजाब में बैलगाड़ी दौड़ की लोकप्रियता तथा इसके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के कारण, 'पशुओं के प्रति क्रूरता की रोकथाम (पंजाब संशोधन) विधेयक 2019' पंजाब विधान सभा में पारित किया गया था। इसके बाद विधेयक को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया था।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि हालांकि अभी तक भारत सरकार से बैलगाड़ी दौड़ को फिर से शुरू करने की अनुमति नहीं मिली है।

लुधियाना जिले के किला रायपुर गांव में 1933 से लगातार ग्रामीण खेलों का आयोजन किया जाता रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण आबादी भाग लेती है।

इन खेलों में सबसे लोकप्रिय बैलगाड़ी दौड़ है, जिसे पेटा (पीपल फॉर एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स) की दलील पर उच्चतम न्यायालय के आदेश पर 2014 में प्रतिबंधित कर दिया गया था।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ठाकुर से विधेयक को राष्ट्रपति से मंजूरी दिलाने को लेकर आग्रह किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)