देश की खबरें | पंजाब पुलिस मोहाली में हुए धमाके की जांच कर रही है : मुख्यमंत्री मान

चंडीगढ़, 10 मई पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कहा कि पुलिस मोहाली में पंजाब पुलिस की खुफिया इकाई के मुख्यालय में हुए धमाके की जांच कर रही है।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि राज्य में शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

पंजाब के मोहाली में पुलिस के खुफिया इकाई के मुख्यालय परिसर में सोमवार रात रॉकेट चालित ग्रेनेड से हमला किया गया, जिससे इमारत की एक मंजिल की खिड़की के शीशे टूट गए। बहरहाल, हमले में कोई हताहत नहीं हुआ था।

मान ने ट्वीट किया, ‘‘पंजाब पुलिस मोहाली में हुए हमले की जांच कर रही है। पंजाब में शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।’’

गौरतलब है कि मोहाली में सेक्टर 77 स्थित कार्यालय में हमला सोमवार रात करीब पौने आठ बजे हुआ था।

इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

कंग ने ट्वीट किया, ‘‘मोहाली में हुआ धमाका दुखद है, लेकिन स्थिति अब नियंत्रण में है। मामले की जांच की जा रही है। हमले में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी को भी शांति एवं सद्भाव के साथ खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा। इससे पंजाब विरोधी ताकतों की घबराहट का अंदाजा लगाया जा सकता है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)