देश की खबरें | पंजाब पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी समेत अन्य अपराधों के लिए 111 लोगों को गिरफ्तार किया

चंडीगढ़, सात मार्च पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को 687 स्थानों पर छापेमारी करके मादक पदार्थ और शराब की तस्करी में शामिल 111 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने यह जानकारी दी।

पंजाब के 1,000 पुलिसकर्मियों ने 10 जिलों के 84 प्रवेश और निकास बिंदुओं पर वाहनों की जांच की, जिनकी सीमाएं चार राज्यों और चंडीगढ़ से लगती हैं।

जांच पठानकोट, श्री मुक्तसर साहिब, फाजिल्का, रोपड़, एसएएस नगर, पटियाला, संगरूर, मानसा, होशियारपुर और बठिंडा में की गई।

विशेष पुलिस महानिदेशक अर्पित शुक्ला ने बताया कि 3,938 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 471 का चालान किया गया और 11 को जब्त किया गया।

पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अपना घेराबंदी और तलाशी अभियान जारी रखा, जिसके चलते राज्य भर में 86 प्राथमिकी दर्ज की गईं और 111 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि शुक्रवार के आंकड़ों को मिलाकर इस सप्ताह गिरफ्तार किए गए कुल मादक पदार्थ तस्करों की संख्या 884 तक पहुंच गई है।

शुक्ला ने बताया कि छापेमारी में तस्करों के कब्जे से 1.2 किलोग्राम हेरोइन, 9.8 किलोग्राम अफीम, 3.3 किलोग्राम गांजा, 46 किलोग्राम पोस्त, 7,091 नशीली गोलियां और इंजेक्शन तथा 1.32 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।

छापेमारी 250 से अधिक पुलिस टीम द्वारा की गई जिसमें 2,000 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे।

इस बीच, मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने मानसा में पुलिस के साथ बैठक की। भुल्लर ने कहा कि पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की ‘पूरी आजादी’ दी गई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)