चंडीगढ़, 19 मार्च पंजाब विधानसभा चुनाव में प्रतिद्वंद्वी दलों के राजनीतिक दिग्गजों को हराकर बड़े विजेताओं के रूप में उभरे आम आदमी पार्टी (आप) के कई विधायकों को मुख्यमंत्री भगवंत मान के मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली पाई है।
मंत्रिमंडल में जगह बनाने में असफल रहे ‘आप’ के इन विधायकों में भदौर विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को 37,558 मतों के अंतर से हराने वाले लाभ सिंह उगोके भी शामिल हैं।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक प्रकाश सिंह बादल को उनकी पारंपरिक लंबी सीट पर 11,396 मतों से हराने वाले गुरमीत सिंह खुददियां भी मंत्रिमंडल में जगह पाने में असफल रहे।
उगोके ‘आप’ में शामिल होने से पहले मोबाइल फोन की दुकान चलाते थे जबकि खुददियां पिछले साल कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए थे।
अमृतसर पूर्व सीट से कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया को हराने वाले सामाजिक कार्यकर्ता जीवनज्योत कौर (50) को भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिल सकी है।
आप उम्मीदवार अजीत पाल सिंह कोहली ने पटियाला शहरी सीट से पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को हराया, जबकि जगदीप कंबोज ने जलालाबाद में शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को हराया। ये दोनों नेता भी भगवंत मान के मंत्रिमंडल में जगह नहीं बना सके।
अमन अरोड़ा, बलजिंदर कौर और सर्वजीत कौर मनुके सहित दो बार के विधायकों में से किसी को भी मंत्री पद नहीं मिला।
इस बीच, पंजाब में शनिवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में एक महिला समेत आम आदमी पार्टी (आप) के दस विधायकों को शामिल किया गया।
राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने यहां पंजाब भवन में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन 10 मंत्रियों में से आठ पहली बार विधायक बने हैं। इन सभी ने पंजाबी में शपथ ली।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY