फिरोजपुर (पंजाब), 18 सितंबर फिरोजपुर की पूर्व विधायक सतकार कौर और उनके पति को पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने आय से अधिक संपत्ति मामले में सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
कौर ने 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर फिरोजपुर (ग्रामीण) सीट से चुनाव जीता था। कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 2022 में कांग्रेस द्वारा पार्टी से निकाले जाने के बाद वह भाजपा में शामिल हो गईं।
अधिकारियों ने कहा कि सतर्कता ब्यूरो द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद कौर और उनके पति जसमेल सिंह, जो जिला परिषद सदस्य हैं, को गिरफ्तार किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (सतर्कता) गुरमीत सिंह ने कहा कि कौर और उनके पति जसमेल सिंह को आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
सतर्कता ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने कहा कि जांच के दौरान पाया गया कि पूर्व विधायक ने विधानसभा सदस्य के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान पति के साथ मिलकर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित की थी।
प्रवक्ता ने कहा कि जांच अवधि के दौरान, सभी स्रोतों से उनकी कुल आय 1.65 करोड़ रुपये थी, जबकि उनका कुल खर्च 4.49 करोड़ रुपये था, जो आय के ज्ञात स्रोतों से 171 प्रतिशत अधिक था।
उन्होंने कहा कि मामले में जांच जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY