देश की खबरें | पंजाब : राजपुरा घटना को लेकर भाजपा नेताओं का मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने राजपुरा की घटना को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के आधिकारिक आवास के बाहर प्रदर्शन किया।
चंडीगढ़, 12 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने राजपुरा की घटना को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के आधिकारिक आवास के बाहर प्रदर्शन किया।
इसके अलावा भाजपा के कार्यकर्ताओं ने लुधियाना, फाजिल्का, मानसा, अमृतसर और गुरदासपुर समेत राज्य के अन्य स्थानों पर भी विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने अमरिंदर सिंह के आधिकारिक आवास के बाहर प्रदर्शन किया और राज्य में कथित तौर पर कानून एवं व्यवस्था की बिगड़ती हुई स्थिति को लेकर सत्तारूढ़ कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी भी की।
भाजपा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमलों में कथित तौर हुई वृद्धि को लेकर अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि किसानों की आड़ में सत्ताधारी कांग्रेस के कार्यकर्ता भाजपा के नेताओं पर हमला कर रहे हैं।
अश्विनी शर्मा ने कहा, "सरकारें आती हैं और जाती हैं लेकिन पंजाब और पंजाबियत को बचाया जाना चाहिए। राज्य में कानून का राज होना चाहिए।" उन्होंने मुख्यमंत्री पर 'गुंडों' द्वारा भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर हमले करने की छूट देने और भाजपा को उसके राजनीतिक अधिकारों का प्रयोग करने से वंचित रखने का आरोप लगाया।
दरअसल, पटियाला के राजपुरा में प्रदर्शनकारी किसानों ने भाजपा के करीब एक दर्जन नेताओं को पार्टी के एक कार्यकर्ता के घर में लगभग 12 घंटे तक बंधक बना कर रखा था। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद सोमवार को भाजपा नेताओं को छुड़ाया जा सका।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पंजाब के पुलिस महानिदेशक पर असंवेदनशील होने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की आवाज दबाई नहीं जा सकती। पंजाब सरकार में पूर्व मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरजीत ज्ञानी ने राज्य में कथित तौर पर कानून एवं व्यवस्था की बिगड़ती हुई स्थिति को लेकर कहा, "हमारी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पूरी रात बंधक बनाकर रखा गया। क्या यह मानवता है।"
इसके बाद मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने अपने आधिकारिक आवास पर पहुंचने के बाद अश्विनी शर्मा के नेतृत्व में भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संवाददाताओं को बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें ध्यानपूर्वक सुना और इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 12, 2021 06:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

