देश की खबरें | पंजाब : भाजपा प्रतिनिधिमंडल बाढ़ के मुद्दे पर राज्यपाल से मिला, किसानों के लिए मांगा मुआवजा

चंडीगढ़, 27 जुलाई भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को बाढ़ के मुद्दे पर राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित से मुलाकात की और आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) नीत राज्य सरकार, भारी बारिश की चेतावनी के बावजूद, किसानों को होने वाला नुकसान रोकने के लिए समय पर उपाय करने में "विफल" रही।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पंजाब भाजपा प्रमुख सुनील जाखड़ ने किया।

पुरोहित से मुलाकात के बाद राजभवन के बाहर जाखड़ ने संवाददाताओं से कहा, "हमने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि इस सरकार से जवाब मांगा जाना चाहिए ताकि पंजाब के लोगों को पता चले कि आप सरकार की लापरवाही के कारण बाढ़ से हुए भारी नुकसान को कैसे रोका जा सकता था।"

जाखड़ ने कहा कि बाढ़ से नुकसान होता है, लेकिन आप सरकार की ''लापरवाही'' के कारण ज्यादा नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार बाढ़ की स्थिति को संभालने में विफल रही।

जाखड़ ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार नालों, नालियों की सफाई और तटबंधों को मजबूत करने सहित आवश्यक उपाय करने में भी विफल रही, जिसके कारण बाढ़ आई।

भाजपा नेता ने कहा कि बाढ़ की वजह से कई इलाकों में बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है और भगवंत मान सरकार को आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने बताया कि पंजाब में राहत उपायों के लिये केंद्र सरकार द्वारा 218 करोड़ रुपये जारी किये गये हैं।

जाखड़ ने कहा कि राज्य के कई इलाकों में अभी भी खेतों में पानी भरा हुआ है, जिससे वहां फसलों की बुआई संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को उन किसानों को अंतरिम राहत देनी चाहिए जिनके खेतों में अभी भी पानी भरा हैं। भाजपा नेता ने उन लोगों को भी मुआवजा देने की मांग की, जिनकी फसल को बारिश और बाढ़ की वजह से नुकसान हुआ।

जाखड़ ने कहा कि आप सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)