देश की खबरें | पंजाब विधानसभा: विपक्ष ने ऋण को लेकर ‘आप’ सरकार पर निशाना साधा

चंडीगढ़, 11 मार्च पंजाब विधानसभा में शनिवार को विपक्ष ने ऋण के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधा और महिलाओं के लिए 1,000 रुपये प्रति माह की चुनावी गारंटी को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया।

बजट प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि ‘आप’ सरकार द्वारा लिए जा रहे ऋण को देखते हुए इस सरकार के कार्यकाल के अंत तक राज्य के कर्ज में दो लाख करोड़ रुपये और जुड़ जाएंगे।

उन्होंने पूंजीगत व्यय के रूप में सिर्फ 8,513 करोड़ रुपये के प्रस्ताव के लिए राज्य सरकार पर निशाना साधा, जो राज्य के बजट का बमुश्किल पांच प्रतिशत है, जबकि शेष बजट देनदारियों पर खर्च किया जाएगा।

चर्चा में भाग लेते हुए शिरोमणि अकाली दल के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने महिलाओं को 1,000 रुपये प्रति माह देने का वादा पूरा नहीं करने के लिए ‘आप’ सरकार की आलोचना की।

अयाली ने कहा कि महिलाओं के लिए हर महीने 1,000 रुपये की गारंटी का सम्मान नहीं करके ‘आप’ सरकार ने उनके साथ 'धोखाधड़ी' की है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अश्विनी शर्मा ने भी राज्य के बकाया कर्ज को लेकर सरकार की आलोचना की और पूछा कि क्या ‘आप’ ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब के लोगों के लिए “गारंटी” की घोषणा करने से पहले राज्य की वित्तीय स्थिति पर विचार किया था।

बजट के अनुसार, राज्य का बकाया ऋण 2022-23 के 2,92,266.83 करोड़ रुपये (संशोधित अनुमान) के मुकाबले 2023-24 में 3,27,050 करोड़ रुपये रहने की उम्मीद है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)