कोट्टयम, छह जून केरल के कोट्टयम स्थित एक निजी कॉलेज के छात्रों ने दो जून को द्वितीय वर्ष की एक छात्रा द्वारा कथित तौर पर की गई आत्महत्या के बाद संस्थान के प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रबंधन पर संस्थान को अस्थायी रूप से बंद करके मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।
सुबह से, टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में छात्रों और प्रबंधन को कॉलेज को अस्थायी रूप से बंद करने और छात्रावासियों को तुरंत अपने कमरे खाली करने के लिए कहे जाने पर बहस करते हुए देखा जा सकता है।
छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रबंधन संस्थान को बंद करके उनके विरोध प्रदर्शन को दबाने की कोशिश कर रहा है और उन्हें छात्रावास खाली करने के लिए कह रहा है ताकि सभी घर चले जाएं।
छात्रों ने टीवी चैनलों से कहा, “वे हमारे माता-पिता को फोन करके हमें घर ले जाने के लिए कह रहे हैं।”
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि पुलिस ने प्रबंधन के इशारे पर छात्रों के खिलाफ अनावश्यक बल प्रयोग किया।
छात्रों ने टीवी चैनलों को यह भी बताया कि प्रबंधन ने उनके खिलाफ कथित तौर पर अनुचित शब्दों का इस्तेमाल किया।
इससे पहले सोमवार को केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की छात्र शाखा स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने छात्रा की कथित आत्महत्या के मामले पर यहां कंजिरापल्ली के निकट निजी इंजीनियरिंग कॉलेज तक मार्च निकाला था।
एर्णाकुलम की रहने वाली श्रद्धा सतीश नामक छात्रा का शव दो जून को उसके छात्रावास में लटका हुआ मिला था। छात्रों का आरोप है कि कॉलेज के अधिकारी उसे यह कहते हुए अस्पताल ले गए थे कि वह बेहोश हो गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY