जरुरी जानकारी | प्रोटीन ईगॉव टेक के आईपीओ को पहले दिन ही मिला पूर्ण अभिदान

नयी दिल्ली, छह नवंबर प्रोटीन ईगॉव टेक्नोलॉजीज को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पहले दिन सोमवार को पूर्ण अभिदान मिल गया।

एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ के तहत 43.78 लाख शेयरों की पेशकश के मुकाबले पहले दिन 46.91 लाख शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। इस तरह आईपीओ को 1.07 गुना अभिदान मिला।

खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) के हिस्से को 1.49 गुना अभिदान मिला। गैर संस्थागत निवेशकों के हिस्से को 1.65 गुना अभिदान और पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को एक प्रतिशत अभिदान मिला।

प्रोटीन ईगॉव टेक्नोलॉजीज को पहले एनएसडीएल ई-गवर्नेंस इन्फ्रास्ट्रक्चर के नाम से जाना जाता था। कंपनी ने शुक्रवार को एंकर निवेशकों से 143 करोड़ रुपये जुटाए थे।

यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) के रूप में है। इसलिए निर्गम से मिली पूरी राशि शेयरधारकों के पास जाएगी और कंपनी को इससे कोई कोष नहीं मिलेगा।

निर्गम के तहत मूल्य दायरा 752-792 रुपये प्रति शेयर है और इससे 490 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद है। आईपीओ आठ नवंबर को बंद होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)