देश की खबरें | जम्मू कश्मीर की प्रगति केंद्र और केंद्र शासित प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयासों में निहित: अब्दुल्ला

जम्मू, 19 अप्रैल जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि केंद्र और उनकी सरकार के संयुक्त प्रयासों से जम्मू कश्मीर की प्रगति सुनिश्चित हुई है। अब्दुल्ला ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वे उनके बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करना जारी रखेंगे।

केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ कठुआ में एक नये बहुमंजिला नगरपालिका पार्किंग परिसर का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए अब्दुल्ला ने दोहराया कि जम्मू कश्मीर की प्रगति केंद्र सरकार और उनके शासन के बीच सहयोग में निहित है।

उन्होंने कहा, ‘‘यहां (कठुआ) से मैं जम्मू कश्मीर के लोगों को यह बताना चाहता हूं कि जम्मू कश्मीर की प्रगति इस तथ्य में निहित है कि जम्मू कश्मीर सरकार और केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर के बेहतर भविष्य के लिए मिलकर काम करें।’’

मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने कहा कि स्वच्छ पेयजल, बिजली, बेहतर सड़कें, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा जैसी आवश्यक सेवाएं प्रदान करना उनकी सरकार की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जम्मू कश्मीर के लोगों को आश्वस्त करता हूं कि हम अपने नागरिकों के बेहतर भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।’’

शासन में निरंतरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘मेरी प्राथमिकता पहले से जारी परियोजनाओं को पूरा करना और विकास की जारी गति को बनाए रखना है।’’

उन्होंने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली की याद में केंद्रीय मंत्री द्वारा एक बड़ी परियोजना की घोषणा की भी सराहना की। अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘मैं जम्मू कश्मीर के लोगों को आश्वासन देता हूं कि मेरी सरकार इस दृष्टि (उनकी याद में एक खेल परिसर बनाने के) को साकार करने के लिए केंद्र सरकार को पूरा समर्थन देगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम ऐसा विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा तैयार करेंगे कि एक दिन लोग आईपीएल मैच टेलीविजन पर देखने के बजाय जम्मू कश्मीर में लाइव देखेंगे।’’ नागरिकों से नव-उद्घाटित पार्किंग सुविधा का उपयोग करने का आग्रह करते हुए अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘कृपया इस पार्किंग परिसर का उपयोग करें - यह सुनिश्चित करेगा कि आपका वाहन साफ ​​और सुरक्षित रहे। आइए हम सभी इस आधुनिक बुनियादी ढांचे का लाभ उठाएं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)