देश की खबरें | मंत्री सत्तार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के चलते महाराष्ट्र विस की कार्यवाही स्थगित

नागपुर, 26 दिसंबर कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के हंगामे के चलते महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही सोमवार को दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

विपक्षी सदस्य सत्तार के पिछली सरकार में मंत्री रहने के दौरान एक भूमि के ‘‘नियमितीकरण’’ के लिये उनके द्वारा आदेश पारित करने के मामले में इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। यह मामला चारागाह के लिए आरक्षित भूमि एक निजी व्यक्ति को देने से संबंधित है।

विपक्षी दलों के सदस्यों ने सदन में अध्यक्ष के आसन के सामने आकर नारेबाजी की, कार्यवाही बाधित की और सत्तार का इस्तीफा मांगा।

सत्तार ने जून 2022 में यह आदेश पारित किया था, जब वह पिछली उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार में राजस्व राज्य मंत्री थे।

विधानसभा में विपक्ष के नेता अजीत पवार ने आरोप लगाया कि 150 करोड़ रुपये की अनियमितताएं हुई हैं और सत्तार का भूमि नियमितीकरण आदेश अदालत के आदेश का स्पष्ट उल्लंघन है।

पवार ने कहा, ‘‘मंत्री ने पद का दुरुपयोग किया। उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। अगर वह इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।’’

विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बाद इस मुद्दे पर सदन की कार्यवाही को दो बार स्थगित करना पड़ा। बाद में अपराह्न करीब दो बजे सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)