देश की खबरें | बेंगलुरू में 16 जनवरी को कांग्रेस के महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगी प्रियंका

बेंगलुरु, नौ जनवरी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा आगामी 16 जनवरी को बेंगलुरु में पार्टी के एक महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगी।

कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने यह भी बताया कि कांग्रेस कर्नाटक विधानसभा चुनाव में महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र तैयार करने की योजना बना रही है और महिलाओं के लिए ‘गारंटी पत्र’ जारी करना चाहती है।

शिवकुमार यहां रामनगर और मांड्या से ताल्लुक रखने वाले जनता दल (एस) के नेताओं विश्वनाथ और राधाकृष्ण के कांग्रेस में शामिल होने के मौके पर बोल रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘महिलाएं आबादी का 50 प्रतिशत हिस्सा हैं। कांग्रेस ने फैसला किया है कि महिलाओं के लिए अलग घोषणापत्र तैयार किया जाएगा।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि 16 जनवरी को बेंगलुरू के पैलेस ग्राउंड में महिलाओं का सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें प्रियंका समेत कांग्रेस के कई राष्ट्रीय नेता शामिल होंगे।

कर्नाटक में इसी साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होना है।

हक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)