ताजा खबरें | प्रियंका और डिंपल कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय के पक्ष में वाराणसी में रोड शो करेंगी

वाराणसी, 24 मई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव 'इंडिया गठबंधन' के उम्मीदवार अजय राय के समर्थन में शनिवार को वाराणसी में रोड शो करेंगी।

कांग्रेस प्रवक्ता शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि रोड शो दुर्गाकुंड मंदिर से शुरू होगा और लंका होते हुए रविदास मंदिर में दर्शन करने के बाद समाप्त होगा।

उन्होंने कहा कि रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी और डिंपल यादव काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सिंहद्वार पर मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी करेंगी।

उन्होंने बताया कि दोनों नेताओं का यह संयुक्त रोड शो कार्यक्रम शाम चार बजे शुरू होगा ।

कांग्रेस पार्टी के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि बाबतपुर हवाई अड्डे से उतरने के बाद प्रियंका गांधी और डिंपल यादव रोड शो से पहले बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन करने भी जा सकती हैं ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं और यहां सातवें और आखिरी चरण में एक जून को मतदान होगा ।

कांग्रेस उम्मीदवार अजय राय ने ‘पीटीआई-’ से कहा कि यह आयोजन चुनाव में ''गेम चेंजर'' साबित होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)