देश की खबरें | हरिद्वार जेल से फरार कैदी चार माह बाद गिरफ्तार

हरिद्वार, 31 जनवरी हरिद्वार जिला जेल से करीब चार महीने पहले फरार हुए कुख्यात वाल्मीकि गैंग के शार्प शूटर पंकज को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि फरार पंकज पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके साथ मुठभेड़ बृहस्पतिवार देर रात हुई। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ उस समय हुई जब एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की संयुक्त टीम बीएचईएल क्षेत्र में जांच कर रही थी।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पंकज ने गोलियां चलायीं जबकि संयुक्त टीम ने जवाबी गोलीबारी जिसमें गोली पंकज के पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया।

डोबाल ने बताया कि घायल बदमाश को सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे ऋषिकेश एम्स के लिए रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि पंकज के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखे, 315 बोर का एक कारतूस बरामद किया गया।

कुख्यात प्रवीण वाल्मीकि गैंग का शार्प शूटर पंकज पिछले साल दशहरे से पहले वाली रात 11 अक्टूबर को हरिद्वार जिला जेल से एक अन्य कैदी रामकुमार के साथ सीढ़ी की मदद से जेल की दीवार फांद कर फरार हो गया था।

दोनों फरार कैदियों में से रामकुमार को पुलिस व एसटीएफ की संयुक्त टीम ने घटना के कुछ दिनों बाद 25 अक्टूबर को ही हरियाणा के जगाधरी से गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। हालांकि, पंकज की तब से तलाश जारी थी और उसकी गिरफ्तारी पर पचास हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

डोबाल ने बताया कि पंकज के खिलाफ रूड़की और हरिद्वार मे हत्या सहित आठ से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं।

एसएसपी ने फरार कैदी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)