हैदराबाद, आठ जुलाई तेलंगाना सरकार के मंत्री के.टी. रामाराव ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें राज्य के खाली पदों से पहले केंद्र की रिक्तियों पर बात करनी चाहिए।
उन्होंने यह टिप्पणी प्रधानमंत्री द्वारा राज्य में शिक्षकों के हजारों पद खाली रहने को लेकर दिए गए बयान के जवाब में की।
रामाराव ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने 20,000 करोड़ रुपये का रेल इंजन कारखाना गुजरात ‘ले जाकर’ और तेलंगाना में 520 करोड़ रुपये का रेल डिब्बा कारखाना स्थापित करने की घोषणा कर राज्य के लोगों का अपमान किया है। तेलंगाना में शिक्षकों के हजारों पद खाली रहने के प्रधानमंत्री के बयान का जिक्र करते हुए के.टी.रामाराव ने कहा कि यह ‘ उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’ जैसा है क्योंकि केंद्र 16 लाख से अधिक केंद्रीय पदों को नहीं भर रहा है और वह सार्वजनिक उपक्रम के संगठनों की नौकरियों का स्थायी निजीकरण कर रहा है।
राज्य के मंत्री ने कहा, ‘‘ राज्य संचालित विश्वविद्यालयों में रिक्तियों की बात करने से पहले प्रधानमंत्री को पहले देशभर में केंद्रीय विश्वविद्यालयों में रिक्तयों को भरना चाहिए। विश्वविद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए हमारी सरकार द्वारा लाये गये कानून को राज्यपाल द्वारा मंजूरी नहीं दिये जाने के मुद्दे का प्रधानमंत्री को समाधान करना चाहिए। ’’
केटीआर ने कहा कि मोदी ने आंध्रप्रदेश विभाजन अधिनियम में उल्लेखित बय्याराम इस्पात कारखाना के बारे में एक शब्द भी नहीं बोला जिसका लक्ष्य 15,000 स्थानीय लोगों को रोजगार प्रदान करना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि तेलंगाना आकर यहां बीआरएस सरकार पर प्रहार करना , झूठ बोलना और भाषण देना लेकिन ‘खाली हाथ लौट जाना’ मोदी की आदत बन गयी है।
रामाराव ने कहा कि तेलंगाना सरकार की विद्यालय प्रणाली की बात करने वाले प्रधानमंत्री को याद रखना चाहिए कि बीआरएस शासन गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रति विद्यार्थी सवा लाख रुपये सलाना खर्च कर रहा है जबकि देश में ऐसा कहीं नहीं किया जाता है।
उन्होंने कहा कि तेलंगाना के लोग राज्य के प्रति बरती जा रही उदासीनता एवं भेदभाव देख रहे हैं तथा सही वक्त पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सबक सिखाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY