G7 Summit: प्रधानमंत्री मोदी ने जी7 शिखर सम्मेलन से इतर फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात की
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मुलाकात कर रक्षा, परमाणु और अंतरिक्ष के क्षेत्रों समेत सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की.
बारी (इटली), 14 जून : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मुलाकात कर रक्षा, परमाणु और अंतरिक्ष के क्षेत्रों समेत सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की. दोनों नेताओं ने प्रमुख वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया. दोनों नेताओं की मुलाकात इटली के दक्षिणी शहर बारी में जी-7 शिखर सम्मेलन से इतर हुई. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “रणनीतिक साझेदारी को नए स्तर पर ले जाया जा रहा है! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इटली के अपुलिया में 50वें जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों से मुलाकात की.”
उन्होंने लिखा, “दोनों नेताओं ने रक्षा, परमाणु, अंतरिक्ष, शिक्षा, जलवायु कार्रवाई, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों, संपर्क व संस्कृति के क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की. उन्होंने प्रमुख वैश्विक व क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया.”
तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद यह मोदी की पहली विदेश यात्रा है. दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात जनवरी में हुई थी, जब फ्रांस के राष्ट्रपति भारत के 75वें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए थे. यह भी पढ़ें : उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली में प्राचीन शिव मंदिर को गिराने के आदेश को बरकरार रखा
दोनों नेताओं ने अपनी पिछली बैठक के दौरान द्विपक्षीय सहयोग और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी के लिए अपने साझा दृष्टिकोण की पुष्टि की थी, जिसे ‘होराइजन 2047’ और जुलाई 2023 शिखर सम्मेलन के अन्य दस्तावेजों में रेखांकित किया गया है. ‘होराइजन 2047’ रोडमैप भारत की स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष 2047 के लिए द्विपक्षीय संबंधों के संदर्भ में महत्वाकांक्षी और व्यापक कार्यक्रम निर्धारित करता है. मोदी इतालवी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर 50वें जी7 शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं. वह अन्य आमंत्रित देशों के नेताओं व पोप फ्रांसिस के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), ऊर्जा, अफ्रीका और भूमध्य सागर से संबंधित एक सत्र को संबोधित करेंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 14, 2024 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

