देश की खबरें | राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई को त्रिपुरा का दौरा करेंगी

अगरतला, तीन जुलाई राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू समर्थन जुटाने के लिए पांच जुलाई को त्रिपुरा का दौरा करेंगी। विधानसभा अध्यक्ष रतन चक्रवर्ती ने यह जानकारी दी।

राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 18 जुलाई को होगा।

चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू पांच जुलाई को प्रचार अभियान के तहत यहां पहुंच रही हैं। वह यहां एक होटल में राज्य के विधायकों एवं सांसदों से मुलाकात करेंगी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम चुनाव के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहे हैं। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए संसद सचिवालय का एक दल 16 या 17 जुलाई तक पहुंच जाएगा।’’

त्रिपुरा में सत्तारूढ़ भाजपा के 36 विधायक हैं, जबकि उसकी सहयोगी ‘इंडिजिनस पीपुल्स फ्रंट ऑफ त्रिपुरा’ के सात विधायक हैं।

राज्य से भाजपा के दो लोकसभा सदस्य और एक राज्यसभा सदस्य माणिक साहा हैं, जो मौजूदा मुख्यमंत्री हैं। हाल में हुए उपचुनाव में जीत हासिल करने वाले साहा ने अभी तक विधायक के रूप में शपथ नहीं ली है।

साठ सदस्यीय विधानसभा में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के विधायकों की संख्या 15 है और कांग्रेस के पास एक विधायक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)