भुवनेश्वर, 15 नवंबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस महीने दो बार अपने गृह राज्य ओडिशा का दौरा करेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस महीने उनका पहला दौरा 20-22 नवंबर और दूसरा 26-27 नवंबर को होगा।
अपनी पहली यात्रा के दौरान, वह बदामपहाड़ रेलवे स्टेशन से मयूरभंज जिले में अपने पैतृक स्थान राइरंगपुर तक 32 किलोमीटर की ट्रेन यात्रा करेंगी।
पिछले साल जुलाई में पदभार संभालने के बाद यह राज्य की उनकी तीसरी यात्रा होगी।
राष्ट्रपति 21 नवंबर को बदामपहाड़ रेलवे स्टेशन से तीन नयी एक्सप्रेस ट्रेन - टाटानगर-बदामपहाड़ मेमू, बदामपहाड़-राउरकेला एक्सप्रेस और शालीमार-बदामपहाड़ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगी।
राष्ट्रपति डिजिटल माध्यम से नए राइरंगपुर डाक मंडल का उद्घाटन करेंगी। वह जनजातीय कार्य मंत्रालय की विभिन्न परियोजनाओं का भी ऑनलाइन उद्घाटन करेंगी। वह वीर सुरेंद्र साई प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, बुर्ला के 15वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
राष्ट्रपति 22 नवंबर को 'राष्ट्रीय शिक्षा अभियान - आध्यात्मिक सशक्तीकरण के माध्यम से उभरता भारत' की शुरुआत पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि होंगी। इसका आयोजन संबलपुर में ‘ब्रहमकुमारीज़’ करेंगी।
अपनी दूसरी यात्रा के दौरान वह 26 नवंबर को भुवनेश्वर पहुंचेंगी और पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण द्वारा आयोजित 'बोइता बंदन उत्सव' में भाग लेंगी।
मुख्य सचिव पी के जेना ने राष्ट्रपति की यात्रा की तैयारियों को लेकर विकास आयुक्त, पुलिस महानिदेशक, गृह सचिव, राज्य खुफिया विभाग के प्रमुख, राजस्व मंडल आयुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक की।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY