देश की खबरें | राष्ट्रपति मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचीं

अहमदाबाद, 12 सितंबर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर यहां पहुंचीं, जहां वह राज्य विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधायकों को संबोधित करेंगी और कुछ अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगी।

हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने उनका स्वागत किया।

राष्ट्रपति के आधिकारिक हैंडल से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया गया, “गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने अहमदाबाद पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत किया।”

मुर्मू गुजरात विधानसभा की राष्ट्रीय ई-विधान एप्लिकेशन (एनईवीए) परियोजना का उद्घाटन करेंगी और सदन के चार दिवसीय मानसून सत्र के पहले दिन बुधवार को गांधीनगर में विधायकों को संबोधित करेंगी।

विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि विधानसभा के कामकाज को कागज रहित बनाने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित 'वन नेशन, वन एप्लीकेशन' की अवधारणा के तहत एनईवीए परियोजना लागू की गई है।

विज्ञप्ति में कहा गया कि सभी विधायकों को टैबलेट कंप्यूटर का उपयोग करके एनईवीए एप्लिकेशन तक पहुंचने और संचालित करने का प्रशिक्षण दिया गया है।

इसी दिन, मुर्मू राजभवन से केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की 'आयुष्मान भव' पहल की वर्चुअल शुरुआत करेंगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)