देश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव: महाराष्ट्र में कांग्रेस, राकांपा में क्रॉस वोटिंग की आशंका

मुंबई,18 जुलाई देशभर में राष्ट्रपति पद के लिए आज यानी सोमवार को मतदान हो रहा है, ऐसे में महाराष्ट्र में विपक्षी दलों को ‘क्रॉस वोटिंग’ होने की आशंका सता रही है।

महाराष्ट्र में दो मुख्य विपक्षी दल हैं कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और दोनों ही दलों ने यह सुनिश्चित करने के लिए बैठकें की हैं कि भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में कोई ‘क्रॉस वोटिंग’ नहीं हो।

दरअसल विपक्ष महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के रविवार को किए गए उस दावे से चिंतित है कि मुर्मू को राज्य के 200 विधायकों का समर्थन मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम द्रौपदी मुर्मू को 200 विधायकों का मत दिला लेंगे।’’

पूर्व केन्द्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के संयुक्त उम्मीदवार हैं।

गौरतलब है कि राज्यसभा चुनावों और महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में ‘क्रॉस वोटिंग’ हुई थी।

कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘ राकांपा और कांग्रेस में अपने मतों की रक्षा के लिए चिंता है। कांग्रेस को पहले ही विधान परिषद चुनाव में शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा था, जब उसका एक उम्मीदवार भाजपा से हार गया था। हम नहीं चाहते कि दोबारा ऐसा हो।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)