भोपाल, 13 जुलाई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मध्य प्रदेश की एक दिवसीय यात्रा पर बृहस्पतिवार को ग्वालियर पहुंचीं और जीवाजीराव सिंधिया संग्रहालय देखने के लिए जय विलास पैलेस की ओर रवाना हुईं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्वालियर हवाई अड्डे पर मुर्मू का स्वागत किया।
इसके बाद मुर्मू जय विलास पैलेस पहुंचीं जहां केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया और बेटे महाआर्यमन सिंधिया ने राष्ट्रपति का स्वागत किया।
पूर्ववर्ती सिंधिया साम्राज्य की सांस्कृतिक मंडलियों ने तुरही, ढोल बजाकर और पारंपरिक तरीके से नृत्य करके राष्ट्रपति का स्वागत किया।
सिंधिया और उनकी पत्नी ने संग्रहालय का प्रबंधन करने वालों के साथ राष्ट्रपति को वहां की प्रत्येक प्रदर्शनी का महत्व समझाया। संग्रहालय देखने के बाद राष्ट्रपति सिंधिया परिवार की ओर से आयोजित जय विलास पैलेस में दोपहर का भोजन करेंगी। उनके साथ राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
सूत्रों ने बताया कि बाद में राष्ट्रपति ग्वालियर में अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी और प्रबंधन संस्थान के चौथे दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
उन्होंने बताया कि मुर्मू से पहले राजेंद्र प्रसाद, सर्वपल्ली राधाकृष्णन, ज्ञानी जैल सिंह, शंकर दयाल शर्मा, ए पी जे अब्दुल कलाम और प्रतिभा पाटिल सहित तत्कालीन राष्ट्रपतियों ने जय विलास पैलेस का दौरा किया था।
जय विलास पैलेस का निर्माण 1874 में ब्रिटिश काल में ग्वालियर के महाराजा जयाजीराव सिंधिया ने कराया था। महल का प्रमुख हिस्सा अब जीवाजी राव सिंधिया संग्रहालय है। महल के एक भाग में सिंधिया वंश के कुछ लोग रहते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY