देश की खबरें | प्रगानानंद ने प्रणव आंनद को हराया, संयुक्त बढ़त हासिल की

नयी दिल्ली, 29 अक्टूबर शीर्ष वरीय आर प्रगानानंद ने शनिवार को यहां एशियाई महाद्वीपीय शतरंज चैम्पियनशिप के ओपन वर्ग में लगातार तीसरी जीत दर्ज करने के बाद पांच अन्य के साथ संयुक्त बढ़त हासिल की।

चेन्नई के 17 साल के खिलाड़ी ने हमवतन प्रणव आनंद को 44 चाल में शिकस्त दी जिससे उन्होंने चौथे दौर के बाद लियोन ल्यूक मेंडोंका, कौस्तव चटर्जी, कार्तिकेयन मुरली, हर्षाभारताकोटी और मकसात अताबाएव के साथ 3.5 अंक लेकर संयुक्त बढ़त बना ली।

तीसरे दौर के बाद मेंडोंका एकल बढ़त बनाये थे लेकिन उन्हें हमवतन भारतीय एस एल नारायणन के साथ 49 चाल में अंक बांटने पड़े।

चटर्जी ने कजाखस्तान के आठवें वरीय रिनात जुमाबाएव पर जीत दर्ज की।

कार्तिकेयन ने आदित्य मित्तल और जीएम हर्षा भारतकोटी ने संदीपन चंदा को हराया।

अताबाएव ने भारतीय जीएम एम श्याम सुंदर से ड्रा खेला।

ओपन वर्ग में 11 खिलाड़ियों के तीन अंक हैं।

महिला वर्ग में युवा भारतीय महिला ग्रैंडमास्टर प्रियंका नुटाकी ने शीर्ष वरीय तानिया सचदेव को हराकर उलटफेर किया। इस तरह उन्होंने हमवतन सौम्या स्वामीनाथन, पीवी नंधिधा और वियतनाम की थि किम फुंग वो के साथ संयुक्त बढ़त हासिल की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)