शिमला/हमीरपुर, 21 जून हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला ने बुधवार को कहा कि योग और प्राणायाम से तनावमुक्त जीवन तथा स्वस्थ तन एवं मन संभव है।
आयुष विभाग और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के योग विभाग द्वारा यहां राजभवन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल ने उल्लेख किया कि शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक शांति को बढ़ावा देने में योग एवं प्राणायाम एक परिवर्तनकारी शक्ति है।
राज्यपाल ने इन क्रियाओं को अपनी दिनचर्या में शामिल करने पर जोर दिया क्योंकि ये अच्छा स्वास्थ्य और आंतरिक शांति का द्वार है।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से ही विश्व भर में इस दिवस को मनाया जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र ने दिसंबर 2014 में योग दिवस मनाने संबंधी प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का घोषणा की। इस दिवस का उद्देश्य योगाभ्यास के विभिन्न लाभों के बारे में विश्व में जागरूकता बढ़ाना है।
हिमाचल कैबिनेट के वरिष्ठ सदस्य और स्वास्थ्य मंत्री धनी राम शांडिल (82) ने सोलन में 500 लोगों के साथ योग किया।
शांडिल ने कहा कि योग वक्त की मांग है। उन्होंने कहा ‘‘यह दिमाग और शरीर के बीच संतुलन बनाने में मदद करता है तथा तनाव दूर करने में कारगर है।’’
अभिषेक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY