देश की खबरें | दिल्ली में दुनिया के सबसे बड़े पृथक-वास केंद्र के लिए तैयार की जा रही बिजली की आधारभूत संरचना

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिणी दिल्ली में राधास्वामी अध्यात्मिक केंद्र में कोरोना वायरस के मरीजों के वास्ते 10,000 बेड वाले पृथक-वास केंद्र के लिए बिजली विभाग व्यापक तैयारी कर रहा है।

नयी दिल्ली, 22 जून दक्षिणी दिल्ली में राधास्वामी अध्यात्मिक केंद्र में कोरोना वायरस के मरीजों के वास्ते 10,000 बेड वाले पृथक-वास केंद्र के लिए बिजली विभाग व्यापक तैयारी कर रहा है।

बीआरपीएल के प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि दुनिया के सबसे बड़े पृथक-वास केंद्र में 18 मेगावाट लोड और 22 किलोमीटर भूमिगत तार तथा 20 ट्रांसफर्मर के जरिए बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़े | छत्तीसगढ़ में महसूस किए गए भूकंप के झटके, तीव्रता 3.6 मापी गई: 22 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

दिल्ली में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण अस्पतालों में बेड और पृथक-वास केंद्र की जरूरत बढ़ गयी है। इस अस्थायी केंद्र को 12,500 वर्ग फुट के क्षेत्र में बनाया जा रहा है और इसका आकार फुटबॉल के 22 मैदानों के आकार का होगा ।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने हाल में इस केंद्र के लिए तैयारियों का आकलन किया।

यह भी पढ़े | Rath Yatra Puri 2020: जगन्नाथ रथयात्रा के चलते आज रात 9 बजे से बुधवार 2 बजे तक ओडिशा का पुरी जिला पूरी तरह से रहेगा बंद.

इतने बड़े आकार का केंद्र तैयार करने के लिए बड़े स्तर पर बिजली की अवसंरचना तैयार करने की भी जरूरत पड़ी ।

बीआरपीएल के एक प्रवक्ता ने बताया कि बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड (बीआरपीएल) को 15 दिन के रिकार्ड समय में बिजली की आधारभूत संरचना तैयार करने का काम सौंपा गया ।

प्रवक्ता ने कहा कि पांच जुलाई तक छतरपुर केंद्र में विशाल संरचना तैयार करने के लिए वर्तमान में बिजली कंपनी के 100 कर्मी और श्रमिक काम कर रहे हैं ।

उन्होंने कहा, ‘‘परिसर में चार स्थानों पर 20 एमवीए क्षमता के लिए 1,000 केडब्ल्यू के 20 ट्रांसफर्मर लगाए जा रहे हैं। दुनिया के सबसे बड़े पृथक-वास केंद्र में सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक लाइन को तैयार किया जा रहा हैं और कालकाजी में निरीक्षण नियंत्रण और डाटा आकलन (एससीएडीए) कक्ष से इसे नियंत्रित किया जाएगा । ’’

उन्होंने बताया कि पृथक-वास केंद्र को बीएसईएस के फतेहपुर बेरी ग्रिड से बिजली की आपूर्ति होगी । किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए वरिष्ठ इंजीनियरों के साथ 24 घंटे त्वरित टीमें भी तैनात रहेगी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\