देश की खबरें | नगालैंड के राजनीतिक दल ने चार जुलाई की घटना को लेकर एनएचआईडीसीएल के खिलाफ पुलिस में शिकायत की

कोहिमा, नौ जुलाई नगालैंड की राइजिंग पीपुल्स पार्टी (आरपीपी) ने चार जुलाई को राष्ट्रीय राजमार्ग 29 पर चट्टान खिसकने से हुई दो लोगों की मौत और संपत्ति के नुकसान को लेकर एनएचआईडीसीएल एवं अन्य के खिलाफ लापरवाही तथा ड्यूटी में कोताही की शिकायत पुलिस थाने में दर्ज कराई है।

राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 29 को चौड़ा करके चार लेन का बना रही है।

चुमोकेदिमा जिले के न्यू चुमोकेदिमा इलाके में हुई घटना में तीन लोग घायल हो गए थे और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए थे।

आरपीपी के अध्यक्ष जोएल नगा ने एनएचआईडीसीएल के कार्यकारी निदेशक, ठेकेदारों और उप-ठेकेदारों, सलाहकारी फर्म, नगालैंड लोक निर्माण विभाग और परियोजना से जुड़ी अन्य एजेंसियों के खिलाफ शनिवार को चुमोकेदिमा थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

पार्टी ने कहा कि यह मानव जनित दुर्घटना है और इसके लिए परियोजना से जुड़े एनएचआईडीसीएल और अन्य जिम्मेदार हैं।

पार्टी ने कहा, नगालैंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एनपीसीबी) ने 25 सितंबर, 2020 और चार फरवरी, 2021 को भेजे गए पत्र में एनएचआईडीसीएल को निर्देश दिया कि वह पर्यावरण संरक्षण कानून 1986 के तहत न्यू चुमोकेदिमा इलाके में चट्टानें तोड़ने के लिए ‘डायनामाइट’ के उपयोग से बचे।

आरपीपी ने कहा कि इसके बावजूद बड़े पैमाने पर डायनामाइट का उपयोग किया गया और एनपीसीबी के निर्देशों का उल्लंघन किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)