देश की खबरें | तमिलनाडु में प्रवासी श्रमिकों के हमले में पुलिसकर्मी घायल

इरोड (तमिलनाडु), सात अप्रैल तमिलनाडु के इरोड जिले में अपने साथी कर्मचारी की मौत के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे प्रवासी श्रमिकों के समूह को शांत कराने का प्रयास कर रहे पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया, जिसमें एक महिला निरीक्षक समेत आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार प्रवासी श्रमिक जिनमें ज्यादातर बिहार के रहने वाले हैं, यहां नानजई उथुकुली गांव में एक निजी तेल मिल में कार्यरत हैं। श्रमिकों ने एक दुर्घटना में हुई अपने साथी की मौत का मामला प्रबंधन के समक्ष उठाया। इसके बाद श्रमिकों ने उन्हें शांत कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक यह घटना बुधवार की है जब मिल के बॉयलर सेक्शन में काम करने वाला कमोथ राम (30) ऑयल मिल परिसर के अंदर यूनिट की ओर जा रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक लॉरी ने उसे टक्कर मार दी, जिसके कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मिल प्रबंधन ने प्रदर्शन कर रहे मजदूरों को शांत करने का प्रयास किया और उन्हें आश्वासन दिया कि मृत व्यक्ति के परिवार को पर्याप्त मुआवजा दिया जाएगा। लेकिन श्रमिकों ने ध्यान नहीं दिया और उन पर हमला कर दिया।

सूचना मिलने के बाद मोदाकुरिची पुलिस थाने की निरीक्षक दीपा और उपनिरीक्षक पलानीसामी समेत छह अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारी श्रमिकों को शांत करने का प्रयास किया।

हालांकि, मजदूरों ने उनकी बात नहीं मानी और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप दीपा और पलानीसामी और अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इसके बाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित एक पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आधी रात तक स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस ने इस मामले में करीब 50 लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)