देश की खबरें | दिल्ली के भजनपुरा में पुलिसकर्मी पर हमला, चार आरोपी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 31 जनवरी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा इलाके में कथित ‘रोड रेज’ मामले में दिल्ली पुलिस के एक परिवीक्षा उपनिरीक्षक पर चार से पांच लोगों ने हमला कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 12 बजे हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘भजनपुरा में एक पुलिस अधिकारी पर चार से पांच लोगों द्वारा हमला किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। भजनपुरा थाने में तैनात और वर्तमान में चुनाव ड्यूटी के लिए ‘स्टेटिक सर्विलांस टीम’ (एसएसटी) में तैनात अधिकारी पर देर रात घर लौटते समय हमला किया गया।’’

इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि उपनिरीक्षक अपने दोपहिया वाहन पर सवार होकर एक संकरे रास्ते को पार कर रहे थे कि तभी उनकी मोटरसाइकिल आगे चल रही एक कार के कारण फंस गई।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उन्होंने (उपनिरीक्षक) विनम्रतापूर्वक रास्ता देने के लिए कहा, लेकिन चार लोगों ने अधिकारी को पकड़ लिया और बुरी तरह पीटा। उन्हें हालांकि कोई जानलेवा चोट नहीं आई। मामले की जांच जारी है।’’

संबंधित परिवीक्षा उपनिरीक्षक ड्यूटी के बाद घर जा रहे थे।

अधिकारियों के अनुसार, घटना के संबंध में भजनपुरा थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)