जरुरी जानकारी | पीएनबी ने डीएचएफएल खाते में 3,688.58 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट आरबीआई को दी

मुंबई, नौ जुलाई सार्वजनिक क्षेत्र के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने दीवान हाउसिंग फाइनेंस लि. (डीएचएफएल) के एनपीए (गैर-निष्पादित परिसंपत्ति) खाते में 3,688.58 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के बारे में जानकारी आरबीआई को दी है।

डीएचएफएल उस समय सुर्खियों में आयी थी जब एक रिपोर्ट में कहा गया कि उसने कई मुखौटा कंपनियों के जरिये कुल 97,000 करोड़ रुपये के बैंक कर्ज में से कथित रूप से 31,000 करोड़ रुपये की हेराफेरी की।

यह भी पढ़े | रामविलास पासवान का बड़ा बयान-कहा चिराग जो फैसला लेंगे, हम उनके साथ.

पीएनबी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘कंपनी (डीएचएफएल) के खाते में 3,688.58 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की रिपोर्ट आरबीआई को की गयी है।’’

उसने कहा कि बैंक पहले ही तय मानदंडों के तहत इसके लिये 1,246.58 करोड़ रुपये का प्रावधान कर चुका है।

यह भी पढ़े | बीजेपी को पूरा भरोसा, पश्चिम बंगाल में 2021 में बनकर रहेगी सरकार.

रिजर्व बैंक ने पिछले साल नवंबर में समस्या में फंसी आवास ऋण देने वाली कंपनी डीएचएफएल को ऋण शोधन कार्यवाही के लिये भेजा था। वह पहली वित्तीय सेवा कंपनी है जो कर्ज समाधान को लेकर एनसीएलटी (राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण) गयी।

कंपनी में पिछले साल नियमों के कथित उल्लंघन की रिपोर्ट के बाद एसएफआईओ (गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय) समेत विभिन्न एजेंसियों ने जांच शुरू की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)