जोहानिसबर्ग, 24 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को एक मशहूर आनुवांशिकी विज्ञानी और रॉकेट विज्ञानी से भेंट की तथा बीमारी की जांच तथा ऊर्जा के भविष्य पर उनके साथ विचार-विमर्श किया।
मोदी तीन दिवसीय यात्रा पर दक्षिण अफ्रीका में हैं। इस दौरान उन्होंने 15 वें ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लिया तथा दुनिया के कई नेताओं के संग द्विपक्षीय बैठकें की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने एक्स (पहले यह ट्विटर नाम से जाना जाता था) पर पोस्ट किया कि मोदी ने दक्षिण अफ्रीकी आनुवांशिकी विज्ञानी तथा एकेडमी ऑफ साइंस ऑफ साउथ अफ्रीका की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ हिमला सूडयाल के साथ बातचीत की।
बागची ने कहा कि दोनों ने मानव आनुवांशिकी और रोगों की जांच में उनके अनुप्रयोगों पर चर्चा की। प्रधामनंत्री ने सूडयाल को आनुवांशिकी के क्षेत्र में भारतीय संस्थानों के साथ तालमेल स्थापित करने का न्यौता दिया।
मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘ दक्षिण अफ्रीका की मशहूर आनुवांशिकी विज्ञानी डॉ. हिमला के साथ रोचक बातचीत हुई। उन्होंने अपने कामकाज तथा विज्ञान एवं नवोन्मेष के प्रति अपने जज्बे के बारे में बात की।’’
प्रधानमंत्री ने रॉकेट विज्ञानी तथा गैलेटिक इनर्जी वेंचर्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सियाबुलेला शुजा के साथ भी बातचीत की।
उन्होंने एक्स पर लिखा, ‘‘ बातचीत के दौरान सियाबुलेला शुजा ने खासकर ग्लोबल साउथ में सतत विकास और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति अपने झुकाव के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अपने नवोन्मेष तथा विज्ञान एवं अंतरिक्ष के प्रति अपने जज्बे की भी चर्चा की।’’
शुजा ने भारत के चंद्र मिशन चंद्रयान -3 की सफलता पर मोदी को बधाई दी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY