देश की खबरें | प्रधानमंत्री, सीईसी ने घर से मतदान करने वाले 103 वर्षीय मतदाता का आभार व्यक्त किया

नयी दिल्ली, तीन मई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने कर्नाटक के बेलगावी जिले में रहने वाले 103 वर्षीय मतदाता का घर से मतदान की सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

महादेव महालिंगा माली ने हाल में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए बेलगावी के चिकोड़ी में अपने घर से मतदान किया था।

मोदी ने ट्वीट किया, “श्री महादेव महालिंगा माली ने लोकतंत्र को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता से कई लोगों को प्रेरित किया है। यह कर्नाटक की संस्कृति के अनुरूप भी है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों को बहुत महत्व देती है।”

अधिकारियों ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार ने महादेव को फोन कर उनका आभार व्यक्त किया।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 10 मई को होगा।

चुनाव अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूर्ण गोपनीयता के साथ वास्तविक चुनाव तिथि से पहले घर से मतदान होता है।

कोविड-19 महामारी के प्रकोप के बाद निर्वाचन आयोग ने 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के मतदाताओं और संक्रमण से पीड़ित या पृथक रहने वाले मतदाताओं को घर से मतदान करने की सुविधा प्रदान की थी।

सीईसी कुमार ने महादेव को फोन करके घर से मतदान करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

अधिकारियों के अनुसार, कुमार ने महादेव से कहा कि उनके जैसे बुजुर्ग मतदाता युवा और शहरी मतदाताओं के लिए लोकतंत्र के उत्सव में भाग लेने के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि महादेव ने घर से मतदान की सुविधा प्रदान करने के लिए कुमार को धन्यवाद दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)