देश की खबरें | सेना के इलाके की तस्वीरें पाकिस्तान के वॉट्सऐप ग्रुप पर भेजने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नासिक (महाराष्ट्र), चार अक्टूबर नासिक के देवलाली स्थित सैन्य इलाके की तस्वीरें लेने और उन्हें पाकिस्तान के वॉट्सऐप ग्रुप पर भेजने के आरोप में 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह भी पढ़े | Farmers Bills 2020: केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा- विपक्ष कृषि कानूनों का विरोध बिचौलियों या दलालों की भूमिका निभा रहा है.

नासिक जिले के देवलाली में स्कूल ऑफ आर्टिलरी, तोपखाना केंद्र और कॉम्बैट आर्मी एविएशन ट्रेनिंग स्कूल (सीएटीएस) जैसे रक्षा प्रतिष्ठान हैं।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी संजीव कुमार को शुक्रवार को कुछ सैनिकों ने तब पकड़ लिया था, जब वह देवलाली कैंप में सैन्य अस्पताल इलाके की तस्वीरें अपने मोबाइल फोन पर ले रहा था। इस इलाके में तस्वीरें लेने या वीडियो बनाने की इजाजत नहीं है।

यह भी पढ़े | Delhi School News: कोरोना संकट के बीच शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया बोले- राजधानी दिल्ली में 31 अक्टूबर तक बंद रहेंगे सभी स्कूल.

अधिकारी ने बताया कि सैनिकों ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया और उन्हें जांच के दौरान पता चला कि उस व्यक्ति ने तस्वीरें कथित तौर पर पाकिस्तान के एक वॉट्ऐप ग्रुप पर भेजी हैं।

शनिवार शाम उसे देवलाली कैंप पुलिस को सौंप दिया गया।

पुलिस ने बताया कि सेना के एक अधिकारी द्वारा पुलिस में की गई शिकायत के बाद उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया और सरकारी गोपनीयता कानून के प्रावधानों के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

आरोपी मूल रूप से बिहार के गोपालगंज जिले का रहने वाला है और यहां पर देवलाली कैंप रेलवे स्टेशन के निकट झुग्गी बस्ती में रहता है। वह सेना के इलाके में एक निर्माण स्थल पर मजदूरी करता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)